News Saga Desk
खूंटी : अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा की संघर्ष स्थली डोम्बारी बुरू में गुरुवार को शहादत दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर खूंटी के विधायक राम सूर्या मुंडा, तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, उपायुक्त लोकेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार समेत विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों, विभिन्न गांवों के आदिवासी महिला-पुरुषों तथा बिरसाइत पंथ को मानने वाले बड़ी संख्या में डोंबारी बुरू पहुंचें और नौ जनवरी 1900 ई को अंग्रेजों के साथ संघर्ष में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए खूंटी के विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि डोंबारी बुरू झारखंड की अस्मिता, संघर्ष एवं ब्रिटिश हुकूमत को उखाड़ फेंकने के लिए आदिवासियों की क्रांति का प्रतीक है। यह वह स्थान है जहां से आनेवाली पीढ़ियां प्रेरणा लेंगी। उन्होंने कहा कि बलिदानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके बताए हुए मार्ग पर चलेंगे। तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के विरुद्ध उलगुलान छेड़कर हम आदिवासियों को जीने एवं विकास का रास्ता दिखाया था। अब हमें अपने हक व अधिकार के प्रति जागरुक होकर संवैधानिक तरीके से अपने समाज गांव एवं राज्य के लिए विकास की दिशा में प्रगति के रास्ते का चुनाव करना होगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि आजादी की लड़ाई में अपनी आहूति देने वाले अपने पूर्वजों का इतिहास याद रखना चाहिए। अंग्रेजों के उलगुलान का बिगुल फूंकने वाले धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सहित अन्य शहीदों को लोग हमेशा याद रखें। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जरिये भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रुप में मनाने का निर्णय लिया गया जो संपूर्ण भारत में संकल्प दिवस के तौर पर मनाया जाता है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए लोगों से समाज, क्षेत्र और राज्य के विकास के लिए उनके बताए मार्ग पर चलने की अपील की।
पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि भगवान बिरसा के उलगुलान के इतिहास को अपने अंदर समेटे हुए डोंबारी बुरु आज भी अटल , अक्षुण्ण और प्रेरणाश्रोत बनकर खड़ा है। भगवान बिरसा मुंडा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम उनके बताए हुए मार्ग पर चलेंगे।
दूसरी ओर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने भी डोंबारी बुरु पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर झामुमो के जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद, केंद्रीय समिति सदस्य सुशील पहान, मकसूद अंसारी, राहुल केसरी, भाजपा के काशीनाथ महतो, अर्जुन पहान, विनोद नाग, भीम सिंह मुंडा, छोटराय मुंडा, रूपेश जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी डोंबारी के बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को सफल बनाने में डोंबारी मेला कमेटी के अध्यक्ष करम सिंह मुंडा, सचिव कमल मुंडा, संदीर हस्सा,विशु मुंडा, मुखिया सुरजू हस्सा,डबगा हस्सा,पांडू हस्सा,जोहन हस्सा, सोमा मुंडा, घासीराम मुंडा, बिरसा मुंडा, खुदिया मुंडा, महेंद्र सिंह मुंडा आदि सदस्यों ने अहम योगदान दिया।
No Comment! Be the first one.