महिया गांव में सकतपुर थाना की बड़ी कार्रवाई, सैकड़ों लीटर देशी शराब जब्त कर नष्ट

News Saga Desk

दरभंगा | दरभंगा जिले के सकतपुर थाना पुलिस ने ताराडीह प्रखंड के महिया गांव स्थित पासवान टोला में बड़ी कार्रवाई करते हुए सैकड़ों लीटर देशी शराब जब्त कर नष्ट कर दिया।

जानकारी के अनुसार, सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पासवान टोला में बड़े पैमाने पर देशी शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की, जहां पंद्रह से बीस कंटेनरों में भरी देशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब को सड़क पर उड़ेलकर नष्ट कर दिया गया।

बताया जाता है कि इस टोले में लगभग 30 से 35 घर हैं, जिनमें से अधिकतर घरों में देशी शराब बनाने और बेचने का काम लंबे समय से चल रहा था। पुलिस ने मौके से कुछ कारोबारियों को गिरफ्तार भी किया है।

थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है। उन्होंने कहा कि हाल ही में ककोढा गांव में भी बाबू साहब के घर से दर्जनों लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई थी।

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि देशी या अंग्रेजी शराब कारोबार के पीछे कुछ प्रभावशाली लोग हैं, जो इन गतिविधियों को संरक्षण देकर मोटी कमाई कर रहे हैं। लगातार छापेमारी और गिरफ्तारी के बावजूद क्षेत्र में शराब निर्माण और नशाखोरी थमने का नाम नहीं ले रही है।

थाना अध्यक्ष ने कहा कि “अवैध शराब निर्माण पर पूरी तरह रोक लगाना हमारी प्राथमिकता है, इस दिशा में सघन अभियान जारी रहेगा।”

Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More