राज्य में निर्माणाधीन 19 कोल्ड स्टोरेज का कार्य समय पर हो पूरा: शिल्पी नेहा तिर्की

News Saga DESK

रांची : कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विभाग से जुड़े भवनों के निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर जोर देने का निर्देश दिया है। नेपाल हाउस में भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बुधवार को बैठक के दौरान मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राज्य में निर्माणाधीन 19 कोल्ड स्टोरेज का कार्य समय सीमा के अंदर पूर्ण करने को कहा है।

बैठक के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि नये भवन के निर्माण कार्य के साथ- साथ पहले से बन कर तैयार भवन का भी रख रखाव जरूरी है। खासकर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग से जुड़े लैंप-पैक्स के लिए ये निर्देश ज्यादा जरूरी है।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि कृषि उत्पाद के स्टोरेज से जुड़े भवनों का निर्माण कार्य तय समय सीमा के अंदर होनी चाहिए। राज्य में जर्जर लैंप-पैक्स के स्थान पर नये भवन का निर्माण समय की आवश्यकता है। राज्य में निर्माणाधीन 19 कोल्ड स्टोरेज के साथ-साथ छोटे कोल्ड स्टोरेज की भी समीक्षा की गई।

राज्य में पर्याप्त संख्या में कोल्ड स्टोरेज नहीं होने से कृषि उत्पाद , फल , सब्जी के रख रखाव में किसानों को परेशानी हो रही है। ऐसे कोल्ड स्टोरेज के निर्माण के क्रम में गुणवत्ता पर सबसे ज्यादा जोर देने का निर्देश दिया गया है। बैठक में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि इस बार मौसम अनुकूल रहने की वजह से धान की अच्छी पैदावार हुई है।

मोटा अनाज और दलहन की भी पैदावार पहले की तुलना में बेहतर है। किसानों को समय पर बीज वितरण के लिए राज्य में स्टोरेज की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। इसके लिए विभाग को भवन की जरूरत है और भवन निर्माण विभाग को इसके लिए समय सीमा के अंदर भवन उपलब्ध कराना होगा। बैठक में विभागीय सचिव अबू बक्कर सिद्धिख, भवन निर्माण विभाग के सचिव अरवा राजकमल और दूसरे विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More