शिमला में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म, मामला दर्ज

NEWS SAGA DESK

शिमला। राजधानी शिमला के न्यू-शिमला थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है।

पीड़िता की मां ने न्यू-शिमला थाना में शिकायत दी है कि सोलन जिला के कंडाघाट निवासी नितिन (26) उनकी 14 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर एक होटल में ले गया और वहां उसकी सहमति के बिना उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता की मां ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी कुछ दिनों से गुमसुम और परेशान लग रही थी। जब उन्होंने उससे पूछताछ की तो उसने आपबीती सुनाई। बेटी ने बताया कि नितिन ने उसे मीठी-मीठी बातों में फंसाया और घूमने फिरने के बहाने होटल ले गया। होटल में उसने उसके साथ जबरदस्ती की।

इस गंभीर शिकायत के आधार पर न्यू-शिमला पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 65 (1)बी (बलात्कार) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी और आरोपी नितिन को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।

Read More News

Read More