NEWS SAGA DESK
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में एक दर्दनाक हादसे में कई श्रद्धालुओं की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एकादशी के अवसर पर काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। इसी दौरान अफरातफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति बन गई। हादसे में अब तक 13 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हैं।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जताया गहरा शोक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए इसे “हृदय विदारक त्रासदी” बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा- “श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में हुई भगदड़ से मैं गहरे दुख में हूं। यह अत्यंत दुखद है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए स्थानीय नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर तैनात किया गया है।
मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि बाकी
अभी तक प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। राहत कार्य तेजी से जारी है और घायल लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मंत्री नारा लोकेश ने कहा- “हम सब गहरे दुख में हैं”
राज्य के मंत्री नारा लोकेश ने भी इस हादसे पर गहरा शोक जताया और कहा- “इस एकादशी के दिन घटी यह घटना हम सभी के लिए अत्यंत दुखद है। मैं उन परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।” उन्होंने बताया कि सरकार घायल श्रद्धालुओं को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा प्रदान कर रही है। नारा लोकेश ने संबंधित अधिकारियों और स्थानीय विधायक से बात कर प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
No Comment! Be the first one.