News Saga Desk
हैदराबाद: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने पहले ही मुकाबले में इतिहास रच दिया। अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेलते हुए महज 14 साल के वैभव ने 36 गेंदों में तूफानी शतक जड़ दिया और लिस्ट-ए क्रिकेट में भारत की ओर से दूसरा सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
यह विस्फोटक पारी एशिया कप अंडर-19 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मिली भारी हार के कुछ ही दिनों बाद देखने को मिली। उस मुकाबले में भारतीय टीम को 191 रन से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन वैभव ने निराशा को पीछे छोड़ते हुए घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
84 गेंदों पर 190 रन की तूफानी पारी
रांची में खेले गए इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 84 गेंदों में 190 रन ठोक दिए। उनकी इस यादगार पारी में 16 चौके और 15 छक्के शामिल थे। विजय हजारे ट्रॉफी भारत का प्रमुख घरेलू वनडे टूर्नामेंट है, जिसमें इस सीजन कुल 38 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
यूसुफ पठान का रिकॉर्ड टूटा
36 गेंदों में शतक लगाने के साथ ही वैभव ने पूर्व भारतीय ऑलराउंडर यूसुफ पठान का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 40 गेंदों में शतक लगाकर यह मुकाम हासिल किया था। अब वैभव लिस्ट-ए क्रिकेट में भारत की ओर से दूसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस सूची में उनसे आगे केवल अनमोलप्रीत सिंह हैं, जिन्होंने 2024 में 35 गेंदों में शतक जड़ा था।
लिस्ट-ए क्रिकेट में भारत के सबसे तेज शतक:
- 35 गेंद: अनमोलप्रीत सिंह (पंजाब)
- 36 गेंद: वैभव सूर्यवंशी (बिहार)
- 40 गेंद: यूसुफ पठान (बड़ौदा)
- 41 गेंद: उर्विल पटेल (गुजरात)
- 42 गेंद: अभिषेक शर्मा (पंजाब)
मैच का हाल
मैच में बिहार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। खबर लिखे जाने तक बिहार की टीम ने 30 ओवर में 282 रन बना लिए थे, जिसमें वैभव सूर्यवंशी के 190 रन सबसे बड़ा आकर्षण रहे। उनकी इस पारी ने न सिर्फ मैच का रुख बदल दिया, बल्कि भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड भी जोड़ दिया।
No Comment! Be the first one.