News Saga Desk
रांची में शुक्रवार को 2nd ऑल इंडिया जजेज बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान, न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय, न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी तथा भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान निक्की प्रधान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
यह टूर्नामेंट 3 और 4 जनवरी 2026 को रांची के खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर के विभिन्न उच्च न्यायालयों से आए न्यायाधीश हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न्यायपालिका से जुड़े लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस प्रतियोगिता में देश के 9 विभिन्न उच्च न्यायालयों से आए कुल 31 न्यायाधीश भाग ले रहे हैं। टूर्नामेंट में मेन सिंगल्स, मेन डबल्स, वूमेन सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स सहित चार श्रेणियों में मुकाबले खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर खेलगांव परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। खिलाड़ियों के लिए विश्राम स्थल, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा की भी पुख्ता व्यवस्था की गई है।
इस मौके पर बेहतर आयोजन और उत्कृष्ट प्रशासनिक सहयोग के लिए जिला प्रशासन, रांची की सराहना की गई। न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय ने उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री को जिला प्रशासन के सहयोग के लिए सम्मानित किया।
No Comment! Be the first one.