झारखंड के 32 IAS अधिकारी बने चुनाव पर्यवेक्षक, कई राज्यों में मिली बड़ी जिम्मेदारी

News Saga Desk

रांची: केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने आगामी विधानसभा और उपचुनावों को देखते हुए झारखंड कैडर के 32 IAS अधिकारियों को चुनाव पर्यवेक्षक (Observer) के रूप में नियुक्त किया है। ये अधिकारी पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम सहित चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में तैनात किए गए हैं। आयोग ने निर्देश दिया है कि सभी अधिकारी बुधवार तक अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में पहुंचकर जिम्मेदारी संभाल लें।

राज्य सरकार ने भी निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके वर्तमान पद से मुक्त कर दिया है, ताकि वे समय पर अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें। आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, ये सभी अधिकारी चुनाव प्रक्रिया पूरी होने और परिणाम घोषित होने तक अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात रहेंगे।

प्रमुख अधिकारियों को अहम जिम्मेदारी

झारखंड के कई वरिष्ठ अधिकारियों को इस बार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें उत्पाद विभाग के प्रधान सचिव अमिताभ कौशल, एटीआई निदेशक मनीष रंजन, वन विभाग के सचिव अबूबक्कर सिद्दीख पी, खाद्य आपूर्ति सचिव राजेश कुमार शर्मा, कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा, ऊर्जा विभाग के श्रीनिवासन, ग्रामीण विकास सचिव मनोज कुमार, रांची प्रमंडल आयुक्त मनोज कुमार, श्रम सचिव जीतेन्द्र कुमार सिंह, भू-राजस्व सचिव चंद्रशेखर और योजना सचिव मुकेश कुमार शामिल हैं।

अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी मिली जिम्मेदारी

इसके अलावा वाणिज्य कर सचिव अमित कुमार, पेयजल सचिव अबु इमरान, विशेष सचिव ए दोड्डे, रिम्स के अपर निदेशक वाघमारे प्रसाद कृष्णा, श्रमायुक्त संदीप सिंह, सिविल डिफेंस कमिश्नर घोलप रमेश गोरख, परिवहन आयुक्त संजीव कुमार बेसरा और मनरेगा आयुक्त मृत्युंजय कुमार बरनवाल सहित कई अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है।

निर्वाचन आयोग का उद्देश्य इन नियुक्तियों के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है।

Read More News

Read More