News Saga Desk
मोतिहारी में जहरीले पेय पदार्थ के सेवन से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग गंभीर रूप से बीमार हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। यह घटना रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव की है, जिसके बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों ने कथित तौर पर जहरीला पेय पदार्थ पिया था, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में जहरीले पेय पदार्थ का अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है और इस अवैध धंधे में शामिल लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई है और प्रभावित लोगों की लगातार निगरानी व जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को एक व्यक्ति की मौत हुई थी, लेकिन अब मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है, जिसके बाद जांच और तेज कर दी गई है।
No Comment! Be the first one.