News Saga Desk
रांची। झारखंड सरकार ने मईंयां सम्मान योजना के तहत होली से पहले लाभुकों के खातों में राशि भेजने की घोषणा की है। इसके बाद महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी है। विभाग के मुताबिक, पहले जनवरी और फरवरी महीने की राशि दी जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार 8 मार्च के बाद भुगतान की प्रक्रिया शुरू होगी और होली से पहले सभी लाभुकों को राशि मिल जाएगी। साथ ही मार्च महीने की राशि भी जल्द भेजने की योजना है। जानकारी है कि सरकार ने दिसंबर 2024 में राशि वितरण के बाद सभी जिलों को लाभुकों का सत्यापन करने का निर्देश दिया था। योजना के तहत लाभुक को झारखंड का निवासी होना, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड और आधार लिंक बैंक खाता अनिवार्य था। दिसंबर तक सरकार ने आधार लिंक खाते की शर्त से छूट दी थी, लेकिन जनवरी से यह अनिवार्य हो गया, जिससे कई लाभुकों को राशि नहीं मिल सकी। अभी भी कई लाभुकों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं। ऐसे में विभाग ने राशन कार्ड के आधार पर राशि ट्रांसफर करने का प्रस्ताव तैयार किया है। राज्य में अब तक 40 लाख से अधिक राशन कार्ड का सत्यापन हो चुका है। वहीं दिसंबर 2024 में 56.61 लाख लाभुकों को योजना का लाभ दिया गया था, लेकिन अब इस संख्या में कमी आ सकती है। पलामू प्रमंडल में करीब 2 लाख फर्जी लाभुक मिले, वहीं पूरे राज्य में 5 लाख से अधिक फर्जी लाभुक होने की आशंका है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि होली से पहले सही लाभुकों को राशि मिल जाए। सत्यापन के बाद जो लोग अयोग्य पाए गए हैं, उन्हें योजना से बाहर कर दिया जाएगा।
No Comment! Be the first one.