बोकारो हिंसा मामला : मृतक के परिजनों को 25 लाख मुआवजा और नौकरी, चास में धारा 144 लागू; DC ने कहा – असामाजिक तत्वों पर नजर

News Saga Desk

बोकारो। समाहरणालय सभागार में शनिवार को नौकरी की मांग को लेकर बोकारो स्टील लिमिटेड (बीएसएल) प्लांट के एडीएम बिल्डिंग के समीप विस्थापित अप्रेंटिस संघ द्वारा प्रदर्शन किया। उसके बाद के घटनाक्रम एवं रामनवमी पर्व की तैयारियों को लेकर उपायुक्त विजया जाधव एवं पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने संवाददाता सम्मेलन किया। मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार एवं सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।
उपायुक्त ने कहा कि जिले की स्थिति सामान्य है, आमजन अपने दैनिक दिनचर्या में वापस लौट गए हैं। विधि-व्यवस्था की कहीं कोई समस्या नहीं है। अगर विधि-व्यवस्था संधारण में कोई समस्या उत्पन्न करता है, तो असामाजिक तत्वों/हुड़दंगियों के विरुद्ध जिला प्रशासन सख्ती से निपटेगा। किसी भी तरह की सार्वजनिक एवं निजी संपत्तियों के नुकसान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीसीटीवी – वीडियोग्राफी के माध्यम से निगरानी की जा रही है, पूरी स्थिति पर पैनी नजर है। चास अनुमंडल क्षेत्र में धारा 144 लागू है। जिला प्रशासन के लिए विधि-व्यवस्था का संधारण सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उपायुक्त ने कहा कि सभी माननीय जनप्रतिनिधियों एवं पक्षों की उपस्थिति में आहूत वार्ता में विस्थापित अप्रेंटिस संघ के धरना–प्रदर्शन की घटना में मृतक प्रेम कुमार महतो के परिजनों को बीएसएल प्रबंधन द्वारा 25 लाख रुपये मुआवजा एवं परिवार के एक सदस्य के नियोजन पर सहमति बनी है। मुआवजा राशि का चेक एवं नियोजन का ऑफर लेटर तैयार हैं। उपायुक्त ने बताया कि विस्थापितों की अन्य मांगों के लिए बीएसएल प्रबंधन – विस्थापितों के साथ प्रति माह की 15 तारीख को जिला नियोजन पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता की उपस्थिति में बैठक कर अनुश्रवण करेगा।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दिनांक 03.04.2025 को एडीएम बिल्डिंग के समक्ष विस्थापित अप्रेंटिस संघ द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना–प्रदर्शन किया गया। इस दौरान संघ एवं सीआईएसएफ बलों के बीच हुई झड़प में विस्थापित संघ के एक व्यक्ति प्रेम कुमार महतो की मृत्यु हो गई।

तीन सदस्यीय जांच समिति गठित

इस मामले की विस्तृत जांच के लिए उपायुक्त द्वारा तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है, जिसमें अनुमंडल पदाधिकारी चास सु. प्रांजल ढांडा समिति की अध्यक्षता करेंगी। बतौर सदस्य पुलिस उपाधीक्षक नगर एवं कार्यपालक दंडाधिकारी बोकारो जया कुमारी शामिल हैं। प्रशासनिक भवन में अधिष्ठापित सीसीटीवी फुटेज एवं मीडिया से प्राप्त फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के माध्यम से समिति जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराएगी, जिस पर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में, वीडियो फुटेज के माध्यम से असामाजिक तत्वों/उपद्रवियों को चिन्हित किया जा रहा है। आगे, उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रतिबद्ध है। इसको लेकर सभी जरूरी तैयारियां की गई हैं। चिन्हित स्थानों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। दोनों पदाधिकारियों ने जिलावासियों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में रामनवमी पर्व मनाने की अपील की है। उन्होंने विधि-व्यवस्था संधारण में जिला प्रशासन का सहयोग करने की बात कही।


Read More News

झारखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, पवन साय को मिली कमान, कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी

भाजपा ने पवन साय को झारखंड का नया संगठन महामंत्री बनाया है। कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी...

Read More