News Saga Desk
रांची। झारखंड के मौसम में आज से बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक आज से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। 7, 8 और 9 मई तक आसमान साफ रहने वाला है। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इस वजह से गर्मी अधिक लगेगी।
दोपहर में धूप का तेज असर महसूस होगा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 10 मई को राज्य के दुमका, पाकुड़ और गोड्डा जिलों में लू चलने के आसार हैं। इसे देखते हुए इन तीन जिलों के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद से मौसम फिर साफ रहेगा और 11 मई से राज्य भर के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
जमशेदपुर रहा सबसे गर्म शहर
मौसम में बदलाव के साथ बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने के साथ बहुत हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई है। सबसे अधिक बारिश 30 मिमी पाकुड़ के महेशपुर में रिकॉर्ड की गई है। वहीं सबसे अधिक तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस जमशेदपुर का रिकॉर्ड किया गया है। सबसे कम तापमान लातेहार का रहा। यहां 18.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया है।
राजधानी रांची में भी बदला मौसम का मिजाज
मौसम में आज से होने वाले बदलाव का असर राजधानी रांची पर भी देखने को मिलेगा। आज आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। 8 मई और 9 मई को भी आसमान साफ रहेगा।
मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री के बीच रहेगा। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने के आसार हैं। 10 मई को राजधानी वासियों को सबसे अधिक गर्मी महसूस होगी। उस दिन अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस जा सकता है। इस दौरान आसमान साफ रहेगा। गर्म हवाएं चलेंगी और मौसम शुष्क बना रहेगा।
35 डिग्री के ऊपर पहुंचा राज्य का पारा
पिछले दो दिनों में हुए मौसम में बदलाव की वजह से कई जिलों का तापमान 35 डिग्री के ऊपर पहुंच चुका है। सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, पलामू, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, चतरा, कोडरमा जैसे जिलों का तापमान 37 से 38 डिग्री के बीच है। यही वजह है कि इन जिलों में गर्मी का अहसास ज्यादा हो रहा है। मौसम में बदलाव की यह स्थिति अभी जारी रहेगी।
No Comment! Be the first one.