News Saga Desk
रांची। राजधानी रांची के दीनदयाल नगर स्थित आईएएस क्लब में बड़े साहबों के लिए एक करोड़ की लागत से जिम बनेगा। बड़े साहब के आदेश पर जिम बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। कार्मिक विभाग के अधिकारियों को जिम बनाने की आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है। जानकारी के अनुसार कार्मिक विभाग के अधिकारियों ने दीनदयाल नगर स्थित आईएएस क्लब का निरीक्षण भी किया है। उस स्थान का मुआयना किया है, जहां जिम स्थापित होगा। जिम बनाने पर खर्च होनेवाली राशि राज्य सरकार वहन करेगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिम बनाने पर लगभग एक करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। इसमें लगभग 95 लाख रुपए जिम के इक्विपमेंट पर खर्च किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त संबंधित भवन के आधारभूत संरचना को जिम स्थापित करने के अनुरूप बनाने पर लगभग पांच लाख रुपए की राशि खर्च होगी। जानकारी के अनुसार बड़े साहबों के स्वास्थ्य को ध्यान में रख कर आईएएस क्लब में जिम बनाया जा रहा है। मोरहाबादी मैदान में आज कल टहलने के समय अत्यधिक भीड़ की वजह से कई बड़े अधिकारी अब आईएएस क्लब परिसर में ही टहलते हैं। मोरहाबादी मैदान में टहलने के दौरान बड़े अधिकारियों को कई तरह की समस्या भी पैदा होती है। वे अपने को आम लोगों के साथ टहलने में अपने को असहज भी महसूस करते हैं। ताक बिठाए कई अधिकारी, व्यवसायी, ठेकेदार और आम लोग भी उन्हें मोरहाबादी मैदान में पकड़ लेते हैं। उनसे अपनी समस्या बताने लगते हैं। अपनी पैरवी करने लगते हैं। इस कारण आईएएस क्लब में ऐसी व्यवस्था की जा रही है ताकि टहलने के लिए उन्हें मोरहाबादी मैदान नहीं जाना पड़े। क्लब में ही टहलने और व्यायाम की पूरी व्यवस्था हो सके।
No Comment! Be the first one.