राजभवन के पास से हटेगा धरनास्थल, ट्रैफिक और सुरक्षा कारणों से प्रशासन का फैसला

News Saga Desk

रांची। राजधानी रांची में राजभवन स्थित जाकिर हुसैन पार्क के पास पिछले 25 वर्षों से धरना-प्रदर्शन होते आ रहे हैं, लेकिन अब यह स्थल बदला जा सकता है। रांची उपायुक्त कार्यालय की ओर से नगर निगम प्रशासक को पत्र भेजकर धरना स्थल को अन्यत्र स्थानांतरित करने का अनुरोध किया गया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि जाकिर हुसैन पार्क के पास लगातार धरना और प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में भीड़भाड़ की स्थिति बनी रहती है, जिससे यातायात बाधित होता है। विशेषकर अब जब रातू रोड एलिवेटेड फ्लाईओवर का रैंप इसी क्षेत्र में बन चुका है, वहां वाहनों का दबाव और अधिक बढ़ गया है। अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आमजन को भारी परेशानी होती है।

इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने धरना-प्रदर्शन के लिए एक नया वैकल्पिक स्थल प्रस्तावित किया है। यह नया स्थान रांची नगर निगम के वेजिटेबल मार्केट (नागा बाबा खटाल) के समीप स्थित रात्रि पड़ाव स्थल का एक हिस्सा है, जिसे अस्थायी धरना स्थल के रूप में उपयोग करने का सुझाव दिया गया है। प्रशासन ने यह भी अनुरोध किया है कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नए स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। इस संबंध में एसएसपी रांची, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक डीएसपी और सदर अनुमंडल पदाधिकारी को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।

आंदोलन के कारण बार-बार बाधित होता है यातायात

राजभवन के सामने जब भी धरना या प्रदर्शन होता है, प्रदर्शनकारियों द्वारा टेंट लगाना, वाहन खड़े करना और लोगों की भारी भीड़ जुटाना आम बात हो जाती है। कई बार प्रशासन को सड़क बंद कर बैरिकेडिंग करनी पड़ती है, जिससे सीसीएल मुख्यालय, कचहरी और आस-पास के अन्य इलाकों में आने-जाने वालों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। उदाहरण के तौर पर, आमतौर पर रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर से लोग 4.18 किलोमीटर की दूरी 5 से 6 मिनट में तय कर लेते हैं, लेकिन जाकिर हुसैन पार्क के पास पहुंचते ही जाम में फंस जाते हैं। यही वजह है कि अब प्रशासन धरना स्थल को एक ऐसे स्थान पर स्थानांतरित करना चाहता है, जहां यातायात और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।


Read More News

SRI ग्रामीण औद्योगीकरण संस्थान का 42वाँ स्थापना दिवस संपन्न: स्वरोजगार और हुनर से बदली ग्रामीण झारखंड की तस्वीर

रांची : ग्रामीण विकास और स्वावलंबन के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था SRI ग्रामीण औद्योगीकरण...

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More