News Saga Desk
गुमला। गुमला थाना क्षेत्र के चुहरू गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब तेज बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली ने दो लोगों की जान ले ली, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय सूना उरांव और 7 वर्षीय संगम उरांव के रूप में हुई है। वहीं, 5 वर्षीय अक्षिता कुमारी, जो सूना उरांव की नातिन है, हादसे में गंभीर रूप से झुलस गई। जानकारी के अनुसार, सूना उरांव बुधवार शाम कीता स्थित शांति निकेतन स्कूल से अपनी नातिन अक्षिता को लेने गए थे। लौटते समय रास्ते में उन्होंने गांव के छात्र संगम उरांव को भी साथ लिया। तीनों जैसे ही बरांग जाने वाले पुल के पास पहुंचे, तभी मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आसमान से गिरी बिजली ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया।
मौके पर ही दो की मौत, बच्ची घायल
बिजली गिरने से सूना उरांव और संगम उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अक्षिता गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों मृतकों को स्थानीय गोबर गड्ढे के पास सुरक्षित रखा, वहीं घायल बच्ची को प्राथमिक देखभाल दी गई।
अस्पताल में डॉक्टर ने की पुष्टि
सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों को गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉ. राहुल देव ने सूना और संगम को मृत घोषित कर दिया, जबकि अक्षिता का इलाज जारी है। इस हादसे के बाद चुहरू गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को समुचित मुआवजा और सहायता प्रदान करने की मांग की है।
No Comment! Be the first one.