News Saga Desk
रांची : झारखंड सरकार ने 1988 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी अलका तिवारी को राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल चार वर्षों तक रहेगा। राज्य सरकार ने उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी है।
झारखंड सरकार ने अलका तिवारी की नियुक्ति झारखंड पंचायत राज अधिनियम, 2001 की धारा 66 (2) के तहत की है। वे 1988 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। कल ही उनका कार्यकाल समाप्त हुआ था और वे झारखंड की मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुई थी।
राज्य सरकार की ओर से बुधवार की शाम में जारी अधिसूचना के अनुसार अलका तिवारी अपने पद ग्रहण की तिथि से चार वर्ष तक राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर रहेंगी। हालांकि, यदि वे चार साल की अवधि पूरी होने से पहले 65 वर्ष की आयु पूरी कर लेती हैं, तो उसी तिथि को उनका पद स्वतः रिक्त हो जाएगा। अलका तिवारी की यह नियुक्ति आदेश झारखंड के राज्यपाल के अनुमोदन से जारी किया गया है।
उल्लेखनीय है कि बीते कल ही अविनाश कुमार को झारखंड का नया मुख्य सचिव बनाया गया। वे 1993 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने निवर्तमान मुख्य सचिव अलका तिवारी की जगह ली।
No Comment! Be the first one.