NEWS SAGA DESK
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गतौरा स्टेशन के पास मंगलवार शाम बड़ा रेल हादसा हो गया। कोरबा पैसेंजर ट्रेन ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई, जिससे इंजन पूरी तरह से मालगाड़ी पर चढ़ गया। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों का इलाज रेलवे अस्पताल, सिम्स और अपोलो अस्पताल में चल रहा है।
कैसे हुआ हादसा
यह दुर्घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पैसेंजर ट्रेन का इंजन और उससे जुड़ी महिला आरक्षित बोगी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कई यात्री डिब्बे में फंस गए जिन्हें गैस कटर और क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन 10 घंटे चला
हादसे के बाद रेलवे, जिला प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने रातभर राहत और बचाव कार्य चलाया। पहले एक ट्रैक पर संचालन शुरू किया गया और देर रात मिडिल लाइन भी बहाल कर दी गई। देर रात तक बोगी काटकर शवों और घायलों को निकाला गया।
रेलवे प्रशासन की प्रतिक्रिया
सीपीआरओ विपुल कुमार ने 11 मौतों की पुष्टि की और बताया कि कई यात्रियों को सुरक्षित भी निकाला गया। हादसे के कारणों का पता लगाने रेलवे ने जांच की बात कही है। प्राथमिक जानकारी के आधार पर मानवीय भूल या तकनीकी त्रुटि दोनों आशंकाएं सामने आ रही हैं, लेकिन आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है।
महिलाएं और बच्चे भी हताहतों में शामिल
दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों के भी घायल और मृतकों में शामिल होने की जानकारी मिली है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवारों के लिए न्याय और सहायता की मांग कर रहे हैं। रेल सुरक्षा और संचालन की लापरवाही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
No Comment! Be the first one.