NEWS SAGA DESK
नई दिल्ली। इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती हमले को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ द्वारा लगाए गए आरोपों पर भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को पाकिस्तान के बयानों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय समुदाय को झूठ और साजिश के माध्यम से गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि भारत स्पष्ट रूप से बौखलाए हुए पाकिस्तानी नेतृत्व द्वारा लगाए गए इन निराधार आरोपों को खारिज करता है। उन्होंने कहा, “यह पाकिस्तान की पुरानी रणनीति है कि वह देश के भीतर चल रहे राजनीतिक अस्थिरता और सैन्य हस्तक्षेप से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भारत पर झूठे आरोप लगाता है।”
एएनआई और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस्लामाबाद और वाना में हुई हिंसक घटनाओं के लिए बिना किसी सबूत के भारत को जिम्मेदार ठहराया था। विदेश मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान की इन हताशापूर्ण चालों से भलीभांति परिचित है और उसके भ्रमजाल में नहीं फंसेगा।
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को इस्लामाबाद के जी-11 क्षेत्र में जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के बाहर हुए आत्मघाती विस्फोट में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई और 36 घायल हो गए। यह घटना ऐसे समय हुई जब राजधानी में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम चल रहे थे, जिनमें अंतर-संसदीय अध्यक्षों का सम्मेलन, छठा मार्गल्ला संवाद और रावलपिंडी में पाकिस्तान व श्रीलंका के बीच क्रिकेट मैच शामिल था।
विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान वर्षों से आतंकवाद को बढ़ावा देने और आतंकियों को पनाह देने के लिए जाना जाता है। ओसामा बिन लादेन, हाफिज सईद और मसूद अजहर जैसे आतंकी पाकिस्तान से ही संचालित रहे हैं। भारत ने बार-बार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान की दोहरी नीति और आतंकवाद के समर्थन का पर्दाफाश किया है।
No Comment! Be the first one.