बक्सर में दर्दनाक घटना: मोबाइल न मिलने पर महिला ने बच्चों संग खाया जहर, चारों की मौत

NEWS SAGA DESK

बक्सर : बिहार के बक्सर जिले में मंगलवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। नया भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक विवाहिता ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ जहर खा लिया। घटना में मां और तीनों बच्चों की मौत हो गई।

मोबाइल फोन की मांग नहीं पूरी होने पर उठाया खौफनाक कदम

जानकारी के अनुसार, नया भोजपुर गांव निवासी सुनील कुमार की पत्नी सविता देवी (30) ने मंगलवार दोपहर घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया और अपने तीनों बच्चों को भी वही जहर खिला दिया। बताया जा रहा है कि वह कई दिनों से पति से मोबाइल फोन मांग रही थी, लेकिन जब उसकी मांग पूरी नहीं हुई तो उसने यह चरम कदम उठा लिया।

इलाज के दौरान एक-एक कर बुझ गई तीनों बच्चों की सांसें

परिजनों ने तुरंत सभी को डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर चारों को सदर अस्पताल, बक्सर रेफर किया गया। इलाज के दौरान सविता देवी, उसकी पांच वर्षीय बेटी ज्योति और तीन वर्षीय बेटा आकाश की मौत हो गई। वहीं, 12 माह के बेटे विकास को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया, लेकिन कुछ घंटे बाद उसकी भी मौत हो गई।

पति ने बताया—तीसरी पत्नी थी सविता

पीड़ित पति सुनील कुमार ने बताया कि सविता उनकी तीसरी पत्नी थी। इससे पहले उनकी दो पत्नियों की भी मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सविता पिछले कुछ दिनों से मोबाइल फोन की जिद कर रही थी और उसी को लेकर यह दुखद घटना हुई।

घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से माहौल गमगीन है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Read More News

झारखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, पवन साय को मिली कमान, कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी

भाजपा ने पवन साय को झारखंड का नया संगठन महामंत्री बनाया है। कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी...

Read More