NEWS SAGA DESK
नई दिल्ली: वैश्विक व्यापारिक अनिश्चितताओं के बीच केंद्र सरकार द्वारा निर्यात को प्रोत्साहन देने के लिए घोषित 45 हजार करोड़ रुपये के बूस्टर पैकेज को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऐतिहासिक कदम बताया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार के ये निर्णय भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धा को सशक्त करेंगे, आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत बनाएंगे और देश में रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल द्वारा स्वीकृत क्रेडिट गारंटी स्कीम फॉर एक्सपोर्टर्स से निर्यातकों को व्यावसायिक संचालन में आसानी होगी और इससे भारत की स्थिति वैश्विक बाजार में और मजबूत बनेगी। उन्होंने कहा कि यह कदम भारतीय उद्योग की स्थिरता और आत्मनिर्भरता को नई गति देगा।
एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि मेड इन इंडिया की गूंज अब दुनिया के बाजारों में और अधिक प्रभावशाली ढंग से सुनाई देगी। उन्होंने बताया कि एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन (EPM) से निर्यात प्रतिस्पर्धा में सुधार होगा और एमएसएमई क्षेत्र, नए निर्यातक तथा श्रम-प्रधान उद्योगों को विशेष लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने बुधवार को 45 हजार करोड़ रुपये के निर्यात प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा की थी। इसमें 25,060 करोड़ रुपये एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन के तहत और 20 हजार करोड़ रुपये क्रेडिट गारंटी स्कीम के विस्तार के लिए आवंटित किए गए हैं।
No Comment! Be the first one.