News Saga Desk
चंडीगढ़ | चंडीगढ़ पंजाब में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ ने खुफिया सूचना के आधार पर की गई कई कार्रवाइयों में ड्रोन, हेरोइन और गोला-बारूद की बड़ी खेप बरामद कर तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। अमृतसर, तरनतारन और फिरोजपुर सेक्टर में तैनात जवानों ने तस्करी की कई कोशिशों को नाकाम किया।
बीएसएफ प्रवक्ता के मुताबिक, अमृतसर सेक्टर में पेट्रोलिंग के दौरान जवानों ने डीजेआई मैविक 3 क्लासिक मॉडल का ड्रोन पकड़ा। प्रारंभिक जांच से स्पष्ट हुआ कि इस ड्रोन का इस्तेमाल पाकिस्तान की ओर से प्रतिबंधित सामान भेजने में किया जा रहा था।
तरनतारन जिले में गश्ती टीम को खेतों की ओर संदिग्ध हलचल दिखाई दी। तलाशी अभियान के दौरान 548 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
वहीं, फिरोजपुर सेक्टर में बीएसएफ को एक और बड़ी सफलता मिली, जहां सीमा बाड़ के पास से 5 पैकेटों में कुल 2.649 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई। पैकेजिंग पर पाकिस्तान आधारित ड्रग तंत्र से जुड़े पहचान चिह्न पाए गए।
इसके अलावा, बीएसएफ और पंजाब पुलिस के संयुक्त अभियान में मुक्तियावाला क्षेत्र से 9एमएम के 50 राउंड कारतूस भी बरामद किए गए। आशंका जताई जा रही है कि यह कारतूस तस्करी रूट से भारत के अंदर आपराधिक गिरोहों तक पहुंचाए जाने थे।
बीएसएफ ने कहा कि सीमा पर ड्रोन गतिविधियों में हाल के दिनों में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन जवानों की सतर्कता और आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग के चलते तस्करी प्रयास लगातार असफल किए जा रहे हैं।
No Comment! Be the first one.