NEWS SAGA DESK
आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में पुलिस और सुरक्षाबलों के संयुक्त ‘टारगेट ऑपरेशन’ में देश के सबसे कुख्यात नक्सलियों में शामिल माडवी हिडमा को मार गिराया गया। 1 करोड़ के इनामी हिडमा के साथ कुल छह माओवादी ढेर किए गए। हिडमा छत्तीसगढ़ के सुकमा का रहने वाला था और PLGA बटालियन नंबर 1 का प्रमुख था। वह CPI (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सबसे कम उम्र का सदस्य भी था। मुठभेड़ में उसकी दूसरी पत्नी राजे उर्फ राजक्का भी मारी गई। सुरक्षाबलों के मुताबिक सुबह 6 से 7 बजे के बीच तीव्र गोलीबारी हुई, जिसके बाद तलाशी अभियान जारी है। हिडमा 26 बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड था, जिनमें 2010 का दंतेवाड़ा हमला, 2013 का झीरम घाटी नरसंहार और 2021 का सुकमा-बीजापुर हमला शामिल हैं। आंध्र प्रदेश के डीजीपी ने इसे सुरक्षाबलों की बड़ी उपलब्धि बताया। विशेषज्ञ मानते हैं कि हिडमा की मौत बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों के नेटवर्क को बड़ा झटका देगी।
No Comment! Be the first one.