बिहार राज्य स्तरीय स्कूल खो-खो प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन, 399 खिलाड़ी ले रहे भाग

News Saga Desk
कटिहार : कटिहार जिले के राजेन्द्र स्टेडियम में गुरुवार को बिहार राज्य (अंतर प्रमंडल) स्तरीय विद्यालय खो-खो (बालक वर्ग) प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन हुआ। यह प्रतियोगिता खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना और जिला प्रशासन, कटिहार के संयुक्त प्रयास से आयोजित की जा रही है।

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी (जिला गोपनीय प्रशाखा), वरीय उप समाहर्ता तथा कई शारीरिक शिक्षा शिक्षक और सहायक शिक्षक उपस्थित थे।

प्रतियोगिता में बिहार राज्य के सभी 9 प्रमंडलों से चयनित बालक वर्ग (अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19) के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। जिला खेल पदाधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि कुल 399 प्रतिभागी इस प्रतियोगिता में शामिल हैं। सभी खिलाड़ियों के आवास और भोजन की व्यवस्था राजकीयकृत मध्य विद्यालय, कटिहार में की गई है।

विजेता और उप-विजेता दलों का चयन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना द्वारा नियुक्त 18 तकनीकी पदाधिकारियों की टीम करेगी। चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जिला शिक्षा पदाधिकारी, कटिहार के सहयोग से 40 शारीरिक शिक्षा शिक्षक, शिक्षिका और सहायक कंप्यूटर शिक्षक 19 नवंबर से लगातार सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने खिलाड़ियों को उत्साहित करते हुए कहा कि बिहार सरकार के खेल विभाग की पहल ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ को साकार करने के लिए विभिन्न योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। इसके तहत प्रखंड स्तर पर आउटडोर स्टेडियम, पंचायत स्तर पर खेल मैदान और खेल क्लब का निर्माण किया जा रहा है। कटिहार जिले में खेलो इंडिया मल्टीपरपस हॉल का निर्माण और राजेन्द्र स्टेडियम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का विकास भी किया जाएगा।

जिला खेल पदाधिकारी ने यह भी बताया कि जल्द ही कटिहार जिला में बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन (बालक/बालिका अंडर-14/19 और बालिका अंडर-19) किया जाएगा।

Read More News

झारखंड में शिक्षा विभाग के फर्जी वादों का खुलासा, भाजपा प्रवक्ता अजय शाह ने संवाददाताओं को बताया

रांची | राजधानी रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आज प्रदेश प्रवक्ता अजय शाह ने संवाददाता...

Read More