बिहार विधानसभा सत्र 1 दिसंबर से शुरू, विधायकों को पहली बार डिजिटल सीटें

News Saga Desk

बिहार विधानसभा का पहला सत्र 1 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। उद्घाटन दिवस पर नवनिर्वाचित सभी सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद 2 दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। 3 दिसंबर को सेंट्रल हॉल में विधानसभा और विधान परिषद की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान अभिभाषण देंगे। 4 दिसंबर को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी, जबकि 5 दिसंबर को दूसरी अनुपूरक बजट पर बहस के साथ विनियोग विधेयक सदन में पेश किया जाएगा।

विनियोग विधेयक क्या होता है?

विनियोग विधेयक राज्य की वित्तीय प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। इसे पहले विधानसभा और फिर विधान परिषद से मंजूरी मिलती है। इसके बाद राज्यपाल की स्वीकृति मिलने पर यह कानून का रूप ले लेता है, जिससे राज्य की संचित निधि से खर्च की अनुमति प्राप्त हो जाती है।

सदन में पहली बार नया बदलाव

इस सत्र का सबसे बड़ा आकर्षण विधानसभा की पूरी कार्यवाही का डिजिटल होना है। सभी विधायकों की सीटों पर टैबलेट लगा दिए गए हैं, जिनके माध्यम से वे सवाल पूछ सकेंगे और कार्यवाही में भाग ले सकेंगे। इससे कागज़ के उपयोग में बड़ी कमी आएगी। ‘नेवा योजना’ के तहत यह पहल विधानसभा को पूरी तरह टेक-फ्रेंडली बनाने की दिशा में अहम कदम है। 18वीं विधानसभा के नए विधायकों के लिए यह एक तरह से स्वागत उपहार भी माना जा रहा है।

इस डिजिटल तैयारी का काम लगभग पूरा हो चुका है, जबकि विधान परिषद में यह सिस्टम पहले से लागू है।

Read More News

Read More