NEWS SAGA DESK
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में मंगलवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां फुलवरिया चौराहा बाईपास पर सोनौली से दिल्ली जा रही एक यात्री बस ट्रक कंटेनर से तेज रफ्तार में टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर आग की लपटों में घिर गई। घटना में 3 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक बस में कुल 27 यात्री सवार थे। घायलों में से पांच की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद बस व ट्रक में लगी आग पर काबू पाया। सभी घायलों को पहले जिला अस्पताल बलरामपुर पहुंचाया गया, जहां से गंभीर मरीजों को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 2:15 बजे तेज रफ्तार यात्री बस को असम की ओर गर्म कपड़े लेकर जा रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। सभी यात्री नेपाल बॉर्डर क्षेत्र से दिल्ली की ओर जा रहे थे। टक्कर के बाद बस हाई टेंशन लाइन से टकराई, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते बस आग की चपेट में आ गई।
हादसे ने पूरे क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी मचा दी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
No Comment! Be the first one.