News Saga Desk
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुतिन के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत हमेशा शांति का समर्थक रहा है और यूक्रेन संकट के शांतिपूर्ण समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि संकट की शुरुआत से ही भारत और रूस के बीच संवाद जारी है और पुतिन ने एक सच्चे मित्र की तरह समय-समय पर सभी जानकारी भारतीय पक्ष के साथ साझा की है।
मोदी ने विश्वास और शांति को वैश्विक स्थिरता के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि देशों का विकास शांति के रास्ते में ही संभव है और भारत-रूस मिलकर दुनिया को सकारात्मक दिशा में आगे ले जाएंगे। पीएम मोदी ने आशा व्यक्त की कि हाल के प्रयासों से वैश्विक परिस्थितियों में सुधार होगा और दुनिया शांति की ओर बढ़ेगी।
इससे पहले राष्ट्रपति भवन में पुतिन का औपचारिक स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्होंने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और विजिटर बुक में संदेश लिखा। इस पूरे कार्यक्रम का वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा साझा किया गया।
गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी स्वयं पालम एयरपोर्ट पहुंचे और पुतिन का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेता एक ही कार से पीएम आवास पहुंचे, जहां उनके लिए विशेष डिनर का आयोजन किया गया।
इस शिखर बैठक में रक्षा सहयोग बढ़ाने, व्यापार को बाहरी दबावों से सुरक्षित रखने और ऊर्जा क्षेत्र—विशेषकर छोटे मॉड्यूलर रिएक्टरों—में साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा की संभावना जताई जा रही है। इस यात्रा पर पश्चिमी देशों की भी खास नजर बनी हुई है।
रूस-भारत संबंधों की पृष्ठभूमि और अमेरिका-भारत के तनावपूर्ण हालातों के बीच यह दौरा रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
No Comment! Be the first one.