भारत-अमेरिका तनाव: माइकल रुबिन का बड़ा बयान,अमेरिका ने भारत से किया दुर्व्यवहार, अब मांगे माफी

News Saga Desk

रूस के राष्ट्रपति : व्लादिमिर पुतिन की भारत यात्रा के बाद अमेरिका में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पूर्व पेंटागन अधिकारी माइकल रुबिन ने एएनआई से बातचीत में अमेरिका को भारत से रिश्ते सुधारने की सलाह देते हुए कहा कि वॉशिंगटन को अपने हालिया “गलत कदमों” पर भारत से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर को आतंकवाद को बढ़ावा देने का जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उनके अमेरिका आने पर सम्मान नहीं, बल्कि गिरफ्तारी होनी चाहिए।

रुबिन ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों ने अमेरिका–भारत संबंधों को गहरी चोट पहुंचाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान और उसके मध्य-पूर्वी समर्थकों की लॉबिंग ने ट्रंप प्रशासन को प्रभावित किया, जिसका नुकसान आने वाले दशकों तक अमेरिका को झेलना पड़ सकता है।

पाकिस्तान को बताया ‘राज्य प्रायोजित आतंकवाद का केंद्र’

पूर्व पेंटागन अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तान को किसी भी हाल में “प्रमुख गैर-नाटो सहयोगी” का दर्जा नहीं मिलना चाहिए। उनके अनुसार, अमेरिका को पाकिस्तान को राज्य प्रायोजित आतंकवाद की सूची में डालना चाहिए। उन्होंने कहा, “यदि आसिम मुनीर अमेरिका आते हैं, तो उन्हें सम्मानित करने के बजाय गिरफ्तार किया जाना चाहिए।”

भारत–अमेरिका रिश्तों में तनाव

ऑपरेशन सिंदूर के बाद अमेरिका और भारत के बीच रिश्ते लगातार खराब होते गए। ट्रंप प्रशासन ने पाकिस्तान को खुला समर्थन देना शुरू कर दिया और भारत की स्थिति को चुनौती देने वाले बयान भी दिए। पाकिस्तान ने इन बयानों का स्वागत करते हुए ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित तक कर दिया।

इसके साथ ही रूस से भारत द्वारा तेल खरीदने पर अमेरिका ने भारतीय आयातों पर 50% तक अतिरिक्त शुल्क लगा दिया, जबकि पाकिस्तान के लिए यह शुल्क केवल 19% रखा गया। अमेरिका ने पाकिस्तान के साथ खनिज और तेल खोज संबंधी समझौते भी किए, जिससे तनाव और बढ़ गया।

भारत रूसी तेल लेगा, अमेरिका के पास विकल्प नहीं: रुबिन

माइकल रुबिन ने अमेरिका की नीतियों को “पाखंडी” करार देते हुए कहा कि यदि वॉशिंगटन नहीं चाहता कि भारत रूस से तेल खरीदे, तो उसे खुद भारत को सस्ती दर पर ईंधन उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका भी रूस से कई प्रकार का सामान खरीदता है, इसलिए भारत को लेक्चर देना गलत है।

‘मोदी भारतीय हितों की रक्षा करेंगे’

रुबिन ने कहा कि भारतीय जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने देश के हितों की रक्षा के लिए चुना है। भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर है और उसकी ऊर्जा जरूरतें बहुत बड़ी हैं। इसी कारण रूस भारत के लिए स्थिर ईंधन आपूर्ति बनाए रखने की बात कह रहा है।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More