मोकामा में बनेगा तिरुपति जैसा भव्य बालाजी धाम, बिहार सरकार ने TTD को 99 साल की लीज पर दी जमीन

News Saga Desk

बिहार के श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब भगवान बालाजी के दर्शन के लिए तिरुपति जाने की आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि जल्द ही मोकामा में तिरुपति जैसा दिव्य और भव्य बालाजी मंदिर परिसर विकसित किया जाएगा। गंगा किनारे बसे मोकामा में बनने वाला यह विशाल धार्मिक स्थल आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरूमला तिरूपति देवस्थानम् (TTD) द्वारा तैयार किया जाएगा।

बिहार सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए मोकामा खास में स्थित 10.11 एकड़ सरकारी भूमि को मात्र 1 रुपये में 99 वर्षों की लीज पर मंजूर कर दिया है। इससे मोकामा पूर्वी भारत के एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में उभरने की संभावना बढ़ गई है।

TTD के प्रस्ताव मिलने के बाद बिहार पर्यटन विभाग ने पटना जिला प्रशासन से उपयुक्त भूमि की मांग की थी। समाहर्ता, पटना ने मोकामा खास थाना क्षेत्र में जमीन चिन्हित की, जो फिलहाल पथ निर्माण विभाग के अधीन है। भूमि रिपोर्ट मिलते ही परियोजना को तेजी से मंजूरी दे दी गई।

तिरुपति देवस्थानम् भारत और विदेशों में अपनी धार्मिक, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए जाना जाता है। भगवान वेंकटेश्वर मंदिर के प्रबंधन के साथ यह वेदपाठशाला, वैदिक विश्वविद्यालय, चिकित्सा संस्थान और आश्रय केंद्र भी चलाता है।

मोकामा में बनने वाला परिसर एक सम्पूर्ण आध्यात्मिक नगर के रूप में तैयार होगा। इसमें मंदिर के साथ धर्मशाला, भोजनालय, प्रार्थना मंडप, आध्यात्मिक गतिविधि केंद्र और आगंतुकों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जल्द ही TTD की विशेष टीम और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम संयुक्त बैठक कर निर्माण की रूपरेखा तय करेंगे।

TTD के चेयरमैन बीआर नायडू ने इस परियोजना को दो राज्यों की सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ने वाला ऐतिहासिक कदम बताया और बिहार सरकार व आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।

बिहार पहले से ही गया, राजगीर, वैशाली और पटना साहिब जैसे पवित्र स्थलों के कारण धार्मिक पर्यटन का केंद्र रहा है। मोकामा में बालाजी मंदिर बनने से धार्मिक पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और शहर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

Read More News

Read More