News Saga Desk
बिहार के मुंगेर जिले के तारापुर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के महज नौ दिन बाद ही एक नवविवाहिता अपने कथित प्रेमी के साथ ससुराल से फरार हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मानिकपुर निवासी संतोष कुमार झा की बेटी स्नेहा कुमारी की शादी एक दिसंबर 2025 को साढ़ी गांव निवासी जितेंद्र झा से हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी के अगले दिन स्नेहा अपने पति के साथ ससुराल पहुंची थी। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था, लेकिन 10 दिसंबर की शाम वह अचानक घर से लापता हो गई।
काफी तलाश के बाद भी जब स्नेहा का कोई पता नहीं चला तो ससुराल पक्ष ने मायके वालों को सूचना दी। इसके बाद दोनों परिवार तारापुर थाना पहुंचे। स्नेहा की मां सोनी देवी के आवेदन पर झारखंड के धनबाद निवासी कुंदन यादव के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगाने का मामला दर्ज किया गया है।
परिजनों का आरोप है कि कुंदन यादव पहले छठ पूजा के दौरान उनके घर आता-जाता था और खुद को आदित्य नाम से परिचित कराता था। मां का कहना है कि उसी के संपर्क में आने के बाद स्नेहा की पढ़ाई भी प्रभावित हुई थी। हालांकि, परिवार का दावा है कि स्नेहा की शादी उसकी सहमति से हुई थी और वह अपने वैवाहिक जीवन से खुश थी।
स्नेहा की सास अंजना देवी के अनुसार, 10 दिसंबर को वह बाथरूम जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बाद में सीसीटीवी फुटेज में स्नेहा को एक युवक के साथ जाते हुए देखा गया। आरोप है कि वह अपने साथ सोने-चांदी के जेवरात भी ले गई है। उस समय उसने जींस और कुर्ती पहन रखी थी।
तारापुर थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस नवविवाहिता और युवक की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
No Comment! Be the first one.