बिहार चुनाव पर प्रमोद तिवारी का बड़ा आरोप: वोटों की डकैती से बनी एनडीए सरकार

News Saga Desk

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर एनडीए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार में बनी मौजूदा एनडीए सरकार जनता के वास्तविक जनादेश से नहीं, बल्कि वोटों की चोरी और डकैती के जरिए सत्ता में आई है।

राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को एसआईआर के खिलाफ आयोजित कांग्रेस के बड़े धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के दौरान प्रमोद तिवारी ने मीडिया से बातचीत में यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि जनता अब जागरूक हो चुकी है और भविष्य में वोटों की चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। तिवारी ने आरोप लगाया कि हरियाणा, महाराष्ट्र और बिहार में चुनाव के दौरान वोट चोरी नहीं, बल्कि खुली डकैती हुई है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि आजादी की लड़ाई में कांग्रेस के नेताओं ने जेल और फांसी तक का सामना किया, जबकि भाजपा उस दौर में अंग्रेजों के साथ खड़ी थी। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने मिलकर देश को संविधान दिया, जिससे वोट का अधिकार मिला, और आज उसी अधिकार को भाजपा कमजोर करने की कोशिश कर रही है।

बता दें कि हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को महज 6 सीटों पर जीत मिली। कांग्रेस ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, जिसमें राजद ने कांग्रेस को 55 सीटें दी थीं। हालांकि पार्टी अपनी कई पुरानी सीटें बचाने में असफल रही। प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और भागलपुर से कई बार विधायक रहे अजीत शर्मा को भी हार का सामना करना पड़ा।

गौरतलब है कि चुनाव से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में एसआईआर के खिलाफ ‘वोट अधिकार यात्रा’ निकाली थी, जिसमें विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल हुए थे।

Read More News

झारखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, पवन साय को मिली कमान, कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी

भाजपा ने पवन साय को झारखंड का नया संगठन महामंत्री बनाया है। कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी...

Read More