News Saga Desk
अमेरिका के मोंटाना राज्य का लिब्बी शहर इन दिनों भीषण बाढ़ की चपेट में है। इसी बीच बाढ़ से जुड़ा एक डरावना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उफनती नदी का तेज बहाव एक पुल को तोड़ते हुए सड़क के हिस्से को अपने साथ बहा ले जाता नजर आ रहा है। यह घटना 11 दिसंबर की बताई जा रही है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नदी का पानी बेहद उग्र रूप में बह रहा है और देखते ही देखते पुल का एक हिस्सा टूटकर पानी में समा जाता है। आसपास मौजूद लोग इस भयावह मंजर को देखकर स्तब्ध रह जाते हैं। वीडियो में कंक्रीट का बड़ा टुकड़ा तेज धार में बहता हुआ दिखाई देता है, जिससे पानी की रफ्तार और तबाही का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उत्तर-पश्चिमी अमेरिका में आए अचानक तेज मौसम बदलाव के चलते भारी बारिश हुई, जिसका सबसे ज्यादा असर मोंटाना के लिंकन काउंटी और आसपास के इलाकों में पड़ा। बाढ़ के कारण कई सड़कें बंद करनी पड़ी हैं और प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लिंकन काउंटी शेरिफ कार्यालय ने बताया कि भारी बारिश और बाढ़ की वजह से पूरे काउंटी में करीब पांच पुल या तो टूट गए हैं या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। राहत और आपातकालीन टीमें मौके पर हालात का जायजा ले रही हैं और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
बाढ़ के चलते पीने के पानी की गुणवत्ता को लेकर भी खतरा बढ़ गया है। लिंकन काउंटी स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी है, क्योंकि बाढ़ के कारण जल आपूर्ति में गंदगी और कीटाणु मिलने की आशंका जताई गई है। हालात की गंभीरता को देखते हुए 11 दिसंबर को मोंटाना के गवर्नर ग्रेग जियानफोर्ट ने लिब्बी में बाढ़ की आपातकालीन स्थिति घोषित कर दी।
स्वास्थ्य एजेंसियों के अनुसार, जब जल स्रोतों में संक्रमण का खतरा हो, तब लोगों को या तो बोतलबंद पानी का इस्तेमाल करना चाहिए या नल के पानी को उबालकर ही पीना चाहिए। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
No Comment! Be the first one.