News Saga Desk
बिहारवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. राज्य सरकार की ओर से सभी 38 जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना को लेकर अब बड़ा अपडेट सामने आया है. उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि अगले तीन सालों के भीतर बिहार के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो जाएंगे. उन्होंने इसे “बदलता हुआ बिहार” बताते हुए कहा कि सड़क से लेकर स्वास्थ्य तक हर क्षेत्र में लगातार सुधार हो रहा है.
सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को जरूरी सुविधाएं और दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. उन्होंने बताया कि वर्ष 1925 से 1989 के बीच बिहार में कई मेडिकल कॉलेज खोले गए थे, लेकिन 1989 से 2008 तक एक भी नया मेडिकल कॉलेज नहीं खुल सका, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई. हालांकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में अब स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया जा रहा है.
नीतीश सरकार के कामकाज की सराहना
गृह मंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में सरकारी के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है. मेडिकल कॉलेजों के निर्माण से न सिर्फ आम लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी, बल्कि युवाओं को मेडिकल शिक्षा के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे. इससे राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी.
महाबोधि मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन
इस बीच गयाजी में महाबोधि मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का उद्घाटन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय भी शामिल हुए. उन्होंने बताया कि इस अस्पताल में जल्द ही आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा शुरू की जाएगी. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने का निर्णय सरकार पहले ही ले चुकी थी और अब इसके निर्माण की समय-सीमा भी तय कर दी गई है.
No Comment! Be the first one.