News Saga Desk
बिहार में ठंड का असर आने वाले दिनों में और तेज होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से 20 दिसंबर तक राज्य में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाएगी। सुबह और शाम के समय लोगों को कनकनी भरी ठंड का एहसास हो रहा है, जबकि पछुआ हवाओं के चलने से ठिठुरन और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पटना में न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, राज्य के अन्य जिलों, खासकर पहाड़ी और उत्तरी इलाकों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ का असर बिहार के मौसम पर पड़ रहा है। इसके कारण 17 दिसंबर के बाद अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि दिसंबर के तीसरे सप्ताह में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा, सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी में कमी आ रही है। ऐसे में वाहन चालकों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो, फारबिसगंज में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कैमूर में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, रोहतास, नवादा और अररिया में रात का तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि अन्य जिलों में यह 10 से 12.4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
IMD के अनुसार, दिसंबर के आखिरी दिनों में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है।
No Comment! Be the first one.