News Saga Desk
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशां ऑफ इथियोपिया से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने अदीस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित विशेष समारोह में प्रदान किया। प्रधानमंत्री मोदी यह प्रतिष्ठित सम्मान पाने वाले पहले वैश्विक राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख बने हैं।
तीन देशों के दौरे के तहत इथियोपिया पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान भारत–इथियोपिया द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उनके उल्लेखनीय योगदान और वैश्विक मंच पर दूरदर्शी नेतृत्व के लिए दिया गया है। यह प्रधानमंत्री मोदी को मिला 28वां विदेशी राजकीय पुरस्कार है।
सम्मान ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया की प्राचीन और समृद्ध सभ्यताओं में से एक इथियोपिया से यह पुरस्कार मिलना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इस सम्मान को देश के 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित करते हुए कहा कि यह उन सभी भारतीयों के प्रयासों का सम्मान है, जिन्होंने दोनों देशों की साझेदारी को मजबूत किया है।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह सम्मान भारत और इथियोपिया के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी इस सम्मान के लिए इथियोपिया की सरकार और जनता के प्रति आभार जताया।
प्रधानमंत्री ने भारतीय शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि पिछले एक सदी से अधिक समय से भारतीय शिक्षकों ने इथियोपिया के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने इसे दोनों देशों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों की मजबूत कड़ी बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह सम्मान ‘ग्लोबल साउथ’ के सकारात्मक एजेंडे को आगे बढ़ाने में भारत और इथियोपिया की साझा प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देश मिलकर वैश्विक चुनौतियों के समाधान और नए अवसरों के निर्माण की दिशा में काम करेंगे।
गौरतलब है कि यह प्रधानमंत्री मोदी का पहला इथियोपिया दौरा है। इससे पहले इथियोपिया पहुंचने पर प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने स्वयं हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया और दोनों देशों के बीच गहरी मित्रता का संदेश दिया। प्रधानमंत्री अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान इथियोपियाई संसद को संबोधित करेंगे और भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे।
No Comment! Be the first one.