पटना के पार्क होंगे और सुरक्षित व आधुनिक, 35 में योग शेड और 110 पार्कों में CCTV

News Saga Desk

सुबह की मॉर्निंग वॉक हो या शाम का योगाभ्यास, अब पटना के पार्कों में लोगों को ज्यादा सुविधा और सुरक्षा मिलने वाली है। राजधानी के सार्वजनिक पार्कों को आधुनिक और उपयोगी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है।

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि पटना के 35 प्रमुख पार्कों में योग शेड बनाए जाएंगे, ताकि लोग हर मौसम में बिना रुकावट योग कर सकें। इसके साथ ही सुरक्षा को मजबूत करने के लिए शहर के 110 पार्कों में एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की निगरानी ईको पार्क से सेंट्रलाइज्ड सिस्टम के जरिए की जाएगी।

हर मौसम में योग की सुविधा

ईको पार्क, वीर कुंवर सिंह आजादी पार्क, नवीन सिन्हा पार्क, पुनाईचक पार्क, शिवाजी पार्क, अमृत पार्क, मैकडोवेल पार्क, भंवर पोखर पार्क और पुलिस कॉलोनी पार्क सहित कई बड़े पार्कों में योग शेड का निर्माण किया जाएगा। इनके बन जाने से प्रतिदिन एक हजार से अधिक लोग बारिश, तेज धूप या ठंड की परवाह किए बिना योग कर सकेंगे।

पार्कों की सुरक्षा होगी हाईटेक

मंत्री ने कहा कि 110 पार्कों में लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों से न केवल घूमने आने वाले लोगों की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि पार्क की संपत्तियों की निगरानी भी आसान होगी। सेंट्रलाइज्ड मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी।

पांच साल का मास्टर प्लान तैयार

पटना के पार्कों को बेहतर सुविधाओं से लैस करने के लिए अगले पांच वर्षों का मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्कों में पेयजल, स्वच्छता और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं में कोई कमी न रहे। उन्होंने कहा कि पार्क शहर की जीवनशैली और सेहत का अहम हिस्सा हैं।

हरियाली बढ़ाने पर भी जोर

शहर के बाहर हरियाली बढ़ाने की दिशा में भी काम तेज किया जाएगा। पटना-डोभी (गया जी) फोरलेन सड़क के दोनों ओर चार लाख से अधिक पौधे लगाए जाने की योजना है। इसके लिए सर्वे शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान में फलदार पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों को भी फायदा मिल सके।

Read More News

Read More