News Saga Desk
अजय देवगन और श्रिया सरन स्टारर सस्पेंस-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ के तीसरे और आखिरी पार्ट का आधिकारिक ऐलान हो गया है. मेकर्स ने सोमवार, 22 दिसंबर को ‘दृश्यम 3’ का दमदार टीजर जारी करते हुए फिल्म की रिलीज डेट से भी पर्दा उठा दिया. यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसे खास तौर पर दृश्यम डे के रूप में चुना गया है.
टीजर शेयर करते हुए अजय देवगन ने लिखा, “दृश्यम 3, दृश्यम डे पर रिलीज होगी. आखिरी हिस्सा बाकी है.” इस घोषणा के बाद से ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.
टीजर में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आते हैं. फैमिली की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने वाला विजय इस बार और ज्यादा गंभीर और मजबूत अंदाज में दिखता है. टीजर में ‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ की झलकियां भी दिखाई गई हैं, जो कहानी की गहराई को और बढ़ाती हैं.
टीजर में अजय देवगन की आवाज में डायलॉग सुनाई देता है, “इस दुनिया में हर किसी का सच अलग है-मेरा सच और मेरा सही सिर्फ मेरी फैमिली है. क्योंकि कहानी अभी खत्म नहीं हुई है-आखिरी हिस्सा बाकी है.” यह डायलॉग साफ इशारा करता है कि इस बार कहानी अपने सबसे निर्णायक मोड़ पर पहुंचेगी.
‘दृश्यम 3’ को इस फ्रेंचाइजी का फाइनल चैप्टर माना जा रहा है. फिल्म की कहानी दूसरी कड़ी के ठीक बाद से आगे बढ़ेगी, जहां विजय सलगांवकर और कानून के बीच एक और खतरनाक और मनोवैज्ञानिक खेल देखने को मिलेगा. माना जा रहा है कि सस्पेंस और थ्रिल के मामले में यह भाग अब तक का सबसे दमदार होगा.
गौरतलब है कि ‘दृश्यम’ का हिंदी वर्जन साल 2015 में रिलीज हुआ था, जो मोहनलाल की 2013 की मलयालम फिल्म का रीमेक था. फिल्म ने धीरे-धीरे कल्ट स्टेटस हासिल किया. इसके बाद 2022 में रिलीज हुई ‘दृश्यम 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कहानी को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया.
No Comment! Be the first one.