पटना में 26 दिसंबर तक कक्षा 8 तक स्कूल बंद, 9 से 12वीं की कक्षाएं बदले समय पर

News Saga Desk

बिहार की राजधानी पटना में कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि जिले में कक्षा 1 से 8 तक सभी सरकारी और निजी स्कूल 26 दिसंबर तक बंद रहेंगे। वहीं कक्षा 9 से 12वीं तक के छात्रों के लिए स्कूल पूरी तरह बंद नहीं होंगे, बल्कि उनकी कक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित की जाएंगी।

प्रशासन ने यह निर्णय लगातार गिरते तापमान और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित असर को ध्यान में रखते हुए लिया है। खासकर छोटे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए एहतियातन स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों के दौरान पटना समेत राज्य के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है, लेकिन इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।

अन्य जिलों में भी स्कूल बंद

कड़ाके की ठंड का असर केवल पटना तक सीमित नहीं है। इससे पहले समस्तीपुर जिले में प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों समेत कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों को 27 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया था। जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने कहा था कि ठंड छोटे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।

इसके अलावा शिवहर जिले में भी सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पूर्णिया, अररिया, सीवान, भोजपुर, गोपालगंज और सीतामढ़ी जिलों में 24 दिसंबर तक स्कूल बंद रखने का आदेश पहले ही जारी किया जा चुका है।

मौसम विभाग ने बिहार के लिए अगले तीन दिनों तक कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में प्रशासन ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और जारी निर्देशों का पालन करें।

Read More News

Read More