पटना में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिले वीरेंद्र सहवाग, खेल और बिहार के भविष्य पर हुई बातचीत

News Saga Desk

पटना: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज और ‘मुल्तान के सुल्तान’ के नाम से मशहूर वीरेंद्र सहवाग ने पटना में बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह विभाग के मंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद बिहार की राजनीति और खेल जगत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए बताया कि वीरेंद्र सहवाग का पटना स्थित सरकारी आवास पर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्होंने लिखा कि सहवाग देश के उन क्रिकेटरों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने खेल से कई कीर्तिमान बनाए और आज भी लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। बातचीत के दौरान बिहार के समग्र विकास के साथ-साथ राज्य में खेल, खासकर क्रिकेट से जुड़ी संभावनाओं और अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई।

दरअसल, इससे पहले वीरेंद्र सहवाग की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही थी, जिसमें वह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ विमान में नजर आ रहे थे। इस फोटो के सामने आने के बाद सहवाग की राजनीति में संभावित एंट्री को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे।

हालांकि, सम्राट चौधरी के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद यह साफ हो गया कि यह मुलाकात राजनीति से ज्यादा बिहार में खेलों के विकास और युवाओं के लिए नए अवसरों पर केंद्रित थी। इससे सहवाग के राजनीतिक मैदान में उतरने की अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।

Read More News

झारखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, पवन साय को मिली कमान, कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी

भाजपा ने पवन साय को झारखंड का नया संगठन महामंत्री बनाया है। कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी...

Read More