News Saga Desk
धनबाद: झरिया के चासनाला स्थित डीप माइंस खदान हादसे की 50वीं बरसी के मौके पर शनिवार को चासनाला साउथ कॉलोनी स्थित शहीद स्मारक पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान खदान हादसे में शहीद हुए 375 श्रमिकों को नमन किया गया।
दोपहर ठीक 1:35 बजे जैसे ही आपातकालीन सायरन बजा, वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और उस हृदयविदारक हादसे की यादें फिर से ताजा हो उठीं। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सबसे पहले शहीदों के परिजनों ने शहीद वेदी पर पूजा-अर्चना की और मोमबत्ती, दीया जलाकर तथा नारियल फोड़कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद सेल के अधिकारी, यूनियन प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधियों ने स्मारक पर श्रद्धांजलि दी।
समारोह में चारों धर्मों के धर्मगुरुओं ने मंत्रोच्चार और प्रार्थनाओं के माध्यम से शहीद आत्माओं की शांति की कामना की। बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल ने कहा कि चासनाला हादसा अत्यंत दुखद था, जिसकी पीड़ा आज भी लोगों के दिलो-दिमाग में जिंदा है। उन्होंने कहा कि उस समय इस्को कंपनी में हुए इस हादसे में मजदूरों ने अपने प्राण न्योछावर किए, जिनका बलिदान सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने दोहराया कि कंपनी का लक्ष्य है कि एक छटाक कोयले का उत्पादन भी किसी की जान की कीमत पर न हो और सुरक्षा के साथ दुर्घटनामुक्त वातावरण में उत्पादन सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो उर्फ बबलू महतो, झरिया विधायक रागिनी सिंह और पूर्व विधायक संजीव सिंह ने कहा कि इस हादसे से सीख लेने की जरूरत है। उन्होंने प्रबंधन से सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की अपील की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान खान हादसे पर आधारित चित्रकला प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें छात्रों द्वारा बनाई गई कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं। उत्कृष्ट चित्रकला बनाने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। शहीदों की स्मृति में महाप्रसाद खिचड़ी भोग का भी वितरण किया गया।
मौके पर धनबाद विधायक राज सिन्हा, सेल के कार्यपालक निदेशक विनीत कुमार राउत, मुख्य महाप्रबंधक (कार्मिक) संजय तिवारी, भाजपा नेत्री तारा देवी, जनता श्रमिक संघ के सचिव साजन सिंह, श्रमिक नेता सुंदरलाल महतो, अजीत महतो, डेविड सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
No Comment! Be the first one.