पटना में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, सरगना समेत 6 गिरफ्तार, 120 किलो गांजा बरामद

News Saga Desk

पटना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह उत्तर-पूर्वी राज्यों से गांजा मंगाकर पटना के रास्ते दिल्ली और बनारस में सप्लाई करता था। पुलिस ने इस ऑपरेशन में गिरोह के सरगना समेत छह तस्करों को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 120 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इसके अलावा तीन लग्जरी कारें, दो वॉकी-टॉकी, सात मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के विक्की कुमार जयसवाल, अनिल कुमार, सत्यम दत्त गुप्ता, दिलखुश कुमार, अरविंद कुमार और अमित राज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार विक्की कुमार जयसवाल इस गिरोह का सरगना था, जिसने पटना के साथ-साथ दिल्ली में भी अलग कार्यालय स्थापित कर पूरे नेटवर्क का संचालन किया था। हालांकि उसका भाई रिक्की अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस गिरोह का खुलासा 28 दिसंबर को उस वक्त हुआ, जब चित्रगुप्त नगर थाना पुलिस को राजेंद्र नगर आरओबी के पास एक कार में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली। सूचना के आधार पर डीआईयू और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर वाहन की तलाशी ली। जांच के दौरान कार से दो ट्रॉली बैग और एक बोरी में छिपाकर रखा गया करीब 34 किलो गांजा बरामद किया गया, जबकि मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पटना के अशोक नगर स्थित एक अपार्टमेंट में छापा मारा, जहां से गिरोह का कार्यालय संचालित किया जा रहा था। यहां से करीब 85 किलो गांजा और दो लग्जरी कारें बरामद की गईं। इसी दौरान सरगना विक्की कुमार जयसवाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी सिटी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि यह गिरोह पिछले एक वर्ष से सुनियोजित तरीके से सक्रिय था। तस्कर गुवाहाटी और अगरतल्ला जैसे उत्तर-पूर्वी शहरों से गांजा ट्रेनों के जरिए पटना लाते थे। सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बचने के लिए वे तेजस एक्सप्रेस और अन्य प्रीमियम ट्रेनों में सामान्य यात्रियों की तरह यात्रा करते थे और गांजे को ट्रॉली बैग में छिपाकर लाते थे।

पटना पहुंचने के बाद गांजे की खेप लग्जरी कारों से दिल्ली और बनारस भेजी जाती थी, जहां इसे ऊंची कीमत पर बेचा जाता था। पुलिस का कहना है कि जब्त मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच जारी है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस ने साफ किया है कि राज्य को नशे की तस्करी का ट्रांजिट हब बनने से रोकने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Read More News

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के 262 चयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, ईमानदारी से काम करने की दी नसीहत

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय स्थित प्रोजेक्ट भवन के सभागार में स्वास्थ्य विभाग के...

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर खेल उत्सव का आयोजन, क्रॉस कंट्री रेस में मांगु ईचागुटू और प्रतिका महतो बने चैंपियन

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक संघ तथा झारखंड सरकार के पर्यटन,...

मुहर्रम की सातवीं पर मेदनीनगर में निकला भव्य जुलूस, ‘या हसन-या हुसैन’ के नारों से गूंजा शहर

मुहर्रम की सातवीं तारीख के अवसर पर मेदनीनगर में मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक भव्य जुलूस निकाला...

Read More