बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले जारी: 24 घंटे में दो हत्याएं, 18 दिनों में छह की गई जान

News Saga Desk

बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते 24 घंटे के भीतर दो हिंदुओं की हत्या कर दी गई है। सोमवार देर रात नरसिंदी जिले में एक और हिंदू व्यक्ति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय शरत चक्रवर्ती मणि के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शरत चक्रवर्ती मणि की पालाश उपजिला के चारसिंदुर बाजार में किराना दुकान थी। सोमवार देर रात वह अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मणि को स्थानीय लोग अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

शरत चक्रवर्ती मणि के परिवार में पत्नी अंतरा मुखर्जी और 12 वर्षीय बेटा है। परिजनों ने बताया कि मणि पहले दक्षिण कोरिया में काम करते थे और कुछ साल पहले ही बांग्लादेश लौटे थे।

इससे पहले सोमवार शाम करीब 5:45 बजे जशोर जिले के मणिरामपुर इलाके में हिंदू पत्रकार और फैक्ट्री संचालक राणा प्रताप बैरागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 45 वर्षीय राणा ‘बीडी खबर’ के कार्यकारी संपादक थे और कोपालिया बाजार क्षेत्र में एक आइस फैक्ट्री का संचालन करते थे। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हमलावरों की तलाश जारी है।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने देश की कानून-व्यवस्था और अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले 18 दिनों में अब तक छह हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है। इससे पहले गारमेंट फैक्ट्री कर्मचारी दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। वहीं अमृत मंडल, खोकन दास और मयमनसिंह जिले के बजेंद्र बिस्वास की हत्या की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

लगातार बढ़ती हिंसा के चलते बांग्लादेश में हिंदू और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों के बीच भय का माहौल है। मानवाधिकार संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More