News Saga Desk
पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पश्चिम चंपारण के बेतिया से अपनी बहुप्रतीक्षित ‘समृद्धि यात्रा’ की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य के सरकारी डॉक्टरों को अब निजी प्रैक्टिस की अनुमति नहीं दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इसके लिए सरकार नई नीति तैयार करेगी, ताकि सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित हो सके और मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल पाए।
सभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में न तो कानून-व्यवस्था बेहतर थी और न ही विकास कार्यों को गति मिल पाई थी। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में राज्य में सुरक्षा और विकास दोनों को प्राथमिकता दी गई है। समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने जिले में 182 करोड़ रुपये की लागत से 161 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इस मौके पर दोनों उपमुख्यमंत्री भी मंच पर मौजूद रहे।
विरोध के मद्देनजर माले नेता की गिरफ्तारी
इधर, मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विरोध की आशंका को देखते हुए चंपारण में माले के युवा नेता फरहान राजा को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा बनी रही।
नीतीश कुमार के भाषण की 5 प्रमुख बातें
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 में 10 लाख नौकरी और रोजगार देने का वादा पूरा किया गया है। इसके साथ ही अगले पांच वर्षों में राज्य के एक करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
महिला सशक्तिकरण और जीविका समूह
नीतीश कुमार ने बताया कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों और पुलिस सेवा में आरक्षण दिया गया है। बिहार पुलिस में महिलाओं की भागीदारी देश में सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि जीविका समूह से अब तक करीब 1 करोड़ 40 लाख महिलाएं लाभान्वित हुई हैं।
कब्रिस्तान और मंदिरों की सुरक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से राज्य में कब्रिस्तानों और पुराने हिंदू मंदिरों की घेराबंदी कराई गई है, ताकि किसी भी तरह के विवाद से बचा जा सके।
बिहार में कानून का राज
उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है, जबकि पहले हत्या, लूट, डकैती और अपहरण जैसी घटनाएं आम थीं।
प्रधानमंत्री मोदी की सराहना
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लगातार सहयोग मिल रहा है, जिसके चलते सड़क, पुल और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़े कार्य तेजी से पूरे हो रहे हैं।
No Comment! Be the first one.