News Saga Desk
रांची: पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ के पास दो गुटों के बीच हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में संजय पांडेय के अलावा आशु कुमार, जुबैर खान, संतोष कुमार, पप्पू साव और रोहित पांडेय शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से हथियार सहित कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए हैं।

तीन एकड़ जमीन विवाद से भड़की हिंसा
पुलिस के अनुसार, गोलीबारी की जड़ कांके रिंग रोड स्थित सुकरहुटू मनातु क्षेत्र की करीब तीन एकड़ विवादित जमीन है। इसी जमीन और उससे जुड़े पैसों के लेनदेन को सुलझाने के लिए 17 जनवरी की शाम करीब सात बजे पिस्का मोड़ स्थित राजधानी मान्या टावर के पास एक बैठक बुलाई गई थी।
बैठक के दौरान शुरू हुई फायरिंग
बैठक में शामिल होने के लिए आकाश सिंह और विकास सिंह अपने 10-15 साथियों के साथ तीन वाहनों से मौके पर पहुंचे थे। वहीं, संजय पांडेय अपने साथियों के साथ करीब 10-12 लोगों के साथ तीन गाड़ियों में वहां पहुंचा। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि संजय पांडेय और रवि यादव के गुट की ओर से अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई।
तीन लोग घायल, अलग-अलग जगहों पर लगी गोलियां
गोलीबारी में आकाश सिंह के दाहिने हाथ में एक गोली लगी, जबकि विकास सिंह को सीने में दो और बाएं हाथ में एक गोली लगी है। वहीं, दूसरे गुट के रवि यादव भी फायरिंग में घायल हुआ है, जिसे बाएं हाथ और चेहरे पर गोली लगी है। सभी घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और जमीन विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
No Comment! Be the first one.