नितिन नवीन बने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष,पीएम मोदी और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संभाला पदभार

News Saga Desk

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक प्रक्रिया पूरी होने के बाद नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नितिन नवीन ने भाजपा मुख्यालय में औपचारिक रूप से पदभार संभाला। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की लोकतांत्रिक परंपराओं और पार्टी की यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला।

लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बाद हुआ अध्यक्ष का चयन

नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वे दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व करने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीते कई महीनों से संगठन के विभिन्न स्तरों पर चुनाव की प्रक्रिया चली, जो पूरी तरह लोकतांत्रिक रही, और अब उसका विधिवत समापन हुआ है।

भाजपा की संगठनात्मक यात्रा का किया उल्लेख

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में भाजपा की संगठनात्मक यात्रा को याद करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में पार्टी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। उन्होंने कहा कि वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी ने संगठन के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में पार्टी को पहली बार पूर्ण बहुमत मिला, जबकि अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा दोबारा सत्ता में लौटी। इसके बाद जेपी नड्डा के कार्यकाल में पार्टी ने पंचायत से लेकर संसद तक अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

‘नितिन नवीन आज से मेरे बॉस’ : पीएम मोदी

नितिन नवीन के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज से नितिन नवीन मेरे बॉस हैं और मैं उनका कार्यकर्ता हूं।” उन्होंने कहा कि भले ही वे प्रधानमंत्री हों, लेकिन उनके लिए सबसे बड़ी पहचान भाजपा का कार्यकर्ता होना है।

युवा नेतृत्व और अनुभव का संतुलन

प्रधानमंत्री ने नितिन नवीन की सराहना करते हुए कहा कि वे आज की युवा पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं। 45 वर्षीय नितिन नवीन ने आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी बदलावों के दौर को करीब से देखा है। उन्होंने रेडियो से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक का सफर अनुभव किया है। पीएम मोदी ने कहा कि युवा ऊर्जा और संगठनात्मक अनुभव का यह संतुलन पार्टी और कार्यकर्ताओं के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More