News Saga Desk
झारखंड कांग्रेस के 16 में से पांच विधायक हाल ही में दिल्ली पहुंचे जहां उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। इस दौरे को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हालांकि, विधायकों ने स्पष्ट किया कि दिल्ली जाना किसी असंतोष का संकेत नहीं था, बल्कि संगठन और सरकार को और मजबूत बनाने की मंशा से यह मुलाकात की गई।
विधायकों ने बताया कि उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष झारखंड सरकार में शामिल मंत्रियों की कार्यप्रणाली से जुड़ी अपनी शिकायतें और सुझाव विस्तार से रखे। पार्टी आलाकमान ने इन बिंदुओं को गंभीरता से सुना और विधायकों की बातों पर विचार का भरोसा दिलाया। बैठक के बाद विधायक संतुष्ट नजर आए।
रांची एयरपोर्ट पर लौटने के बाद विधायकों ने कहा कि संगठन से जुड़े और संघर्ष से निकले नेताओं को साथ लेकर चलना बेहद जरूरी है, क्योंकि ऐसे नेता ही संगठन की भावनाओं और जमीनी हकीकत को बेहतर ढंग से समझते हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली में बातचीत का मुख्य उद्देश्य यह था कि सरकार जनता और संगठन के प्रति और प्रभावी ढंग से कैसे काम करे, साथ ही कांग्रेस को राज्य स्तर के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
No Comment! Be the first one.