डीजीपी तदाशा मिश्रा का दावा-चाईबासा से नक्सलवाद का अंत तय

News Saga Desk

चाईबासा: झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने कहा है कि चाईबासा में हाल ही में चलाया गया संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान निर्णायक साबित हुआ है और इस क्षेत्र में नक्सलवाद अब अंतिम सांसें गिन रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा बलों की निरंतर और प्रभावी कार्रवाई से माओवादी संगठन की रीढ़ टूट चुकी है तथा बचे-खुचे नक्सलियों के पास मुख्यधारा में लौटने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

 

डीजीपी के अनुसार 22 और 23 जनवरी को सारंडा और कोल्हान के नक्सल प्रभावित इलाकों में चले इस संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के 17 नक्सली मारे गए। मुठभेड़ में संगठन के शीर्ष नेता अनल उर्फ पतिराम मांझी और अनमोल उर्फ सुशांत भी ढेर हो गए। इन दोनों पर झारखंड और ओडिशा में कुल मिलाकर करोड़ों रुपये का इनाम घोषित था।

पुख्ता खुफिया इनपुट पर शुरू हुआ विशेष अभियान

डीजीपी ने बताया कि चाईबासा के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु को गुप्त सूचना मिली थी कि अनल और अनमोल अपने सशस्त्र दस्ते के साथ छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुमडीह और बहदा गांव के आसपास के जंगली एवं पहाड़ी इलाके में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर झारखंड पुलिस, कोबरा 209 बटालियन, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर विशेष अभियान शुरू किया।

भीषण मुठभेड़ के बाद 17 शव बरामद

अभियान के दौरान 22 और 23 जनवरी को कई चरणों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसका सुरक्षा बलों ने संतुलित और प्रभावी जवाब दिया। मुठभेड़ के बाद नक्सली जंगल का सहारा लेकर भागे, जिसके बाद सघन सर्च अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान अब तक 17 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं।

 

करोड़ों के इनामी नक्सली हुए ढेर

मारे गए नक्सलियों में अनल उर्फ पतिराम मांझी पर झारखंड में एक करोड़ रुपये, ओडिशा में एक करोड़ 20 लाख रुपये तथा एनआईए से 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वहीं अनमोल उर्फ सुशांत पर झारखंड में 25 लाख और ओडिशा में 65 लाख रुपये का इनाम था। इनके अलावा अमित मुंडा, पिंटू लोहरा, लालजीत उर्फ लालू, समीर सोरेन, रापा उर्फ पावेल, राजेश मुंडा, बुलबुल अलदा, बबिता, पूर्णिमा, सुरजमुनी, जोंगा, सोमबारी पूर्ति, सोमा होनहागा, मुक्ति होनहागा और सरिता भी मारे गए। इन सभी पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।

 

हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद

सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों के ठिकानों से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया। इसमें चार एके राइफल, एक एकेएम, चार इंसास राइफल, तीन एसएलआर, तीन .303 राइफल, बड़ी संख्या में कारतूस और दैनिक उपयोग का सामान शामिल है।

तीन वर्षों में बदले हालात

डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में चाईबासा और आसपास के क्षेत्रों में नक्सल विरोधी अभियानों को लगातार तेज किया गया है। इस अवधि में 183 नक्सलियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जबकि इससे पहले मुठभेड़ों में 11 नक्सली मारे गए थे। अब 17 नक्सलियों के मारे जाने से माओवादी संगठन को भारी नुकसान पहुंचा है।

सुरक्षा कैंपों से बढ़ा ग्रामीणों का भरोसा

डीजीपी के मुताबिक उग्रवाद प्रभावित इलाकों में नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं, जिससे नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगा है और ग्रामीण क्षेत्रों में आम लोगों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने दो टूक कहा कि जो नक्सली अब भी हथियार उठाए हुए हैं, वे मुख्यधारा में लौट आएं, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Read More News

Read More