News Saga Desk
झारखंड में मौसम तेजी से बदलाव के दौर से गुजर रहा है। जनवरी के आखिरी सप्ताह में ही ठंड लगभग विदाई लेने लगी है और दिन के समय गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
हालांकि, 29 और 30 जनवरी के बीच राज्य के कई जिलों में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने के भी आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इसके बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे फरवरी की शुरुआत में सुबह और शाम हल्की ठंड फिर से महसूस होगी।
बादलों की आवाजाही से तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को आसमान साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन बुधवार से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छा सकते हैं। बादलों के कारण दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जबकि रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे रात की ठंड में काफी हद तक कमी आएगी। 30 जनवरी तक हल्के बादल बने रह सकते हैं।
दक्षिण झारखंड में गर्मी का प्रभाव
दक्षिण झारखंड के जिलों जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में गर्मी का असर साफ नजर आने लगा है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा और लातेहार जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में भी तापमान बढ़ा हुआ है, जहां दिन का तापमान करीब 30 डिग्री और रात का तापमान 12 से 14 डिग्री के बीच रह सकता है। राजधानी रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला और बोकारो में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी।
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर और पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर झारखंड तक पहुंच रहा है। इसी कारण बादलों की आवाजाही बढ़ी है और राज्य के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। कुहासे की स्थिति में भी सुधार हुआ है, जिससे दृश्यता बेहतर हुई है और यातायात सामान्य हो रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि दिन में गर्मी और रात में बदलते मौसम के कारण वायरल बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
No Comment! Be the first one.