News Saga Desk
पटना: गणतंत्र दिवस समारोह के मंच से बिहार सरकार के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐसा बयान दिया, जिससे बिहार की सियासत और पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। पटना के संपतचक में आयोजित समारोह के दौरान उन्होंने बिहार पुलिस की कार्यप्रणाली पर खुलकर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जो पुलिसकर्मी हथियार चलाना नहीं जानते, उन्हें नौकरी में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने साफ शब्दों में ऐसे पुलिसकर्मियों को इस्तीफा देकर घर बैठने की चेतावनी दी।
सम्राट चौधरी ने कहा कि यह बदला हुआ भारत और बदला हुआ बिहार है, जहां कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उनके इस बयान को पुलिस प्रशासन में सख्ती और जवाबदेही बढ़ाने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
‘पुलिस का हाथ बंधा नहीं रहेगा’
अपने संबोधन में गृहमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि जैसे केंद्र सरकार ने तीनों सेनाओं को पूरी आजादी दी है, उसी तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बिहार पुलिस को पूरी छूट दे रखी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार में किसी भी पुलिसकर्मी का हाथ बंधा नहीं रहेगा। यदि किसी को हथियार चलाना नहीं आता, तो उसे नौकरी छोड़ देनी चाहिए।
अपराध के खिलाफ सख्त रुख
सम्राट चौधरी ने कहा कि समाज में किसी भी कीमत पर “कचरा” नहीं रहना चाहिए। उनके इस बयान को अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि अब पुलिस से सिर्फ वर्दी पहनकर मौजूद रहने की नहीं, बल्कि प्रभावी कार्रवाई और पेशेवर रवैये की अपेक्षा की जा रही है।
संपतचक को डिग्री कॉलेज की सौगात
अपने सख्त तेवरों के बीच गृहमंत्री ने संपतचक के लिए एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से पहले संपतचक में डिग्री कॉलेज खोलने का काम पूरा कर लिया जाएगा। मंच से ही उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी को कॉलेज के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया।
तेजस्वी यादव पर तंज
आरजेडी में तेजस्वी यादव को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर कटाक्ष करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश है, राजतंत्र नहीं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता मालिक होती है, जबकि मंच पर बैठे लोग केवल सेवक हैं और नीचे बैठे लोग असली मालिक।
सम्राट चौधरी के इस भाषण से साफ संकेत मिलता है कि बिहार सरकार पुलिस की जवाबदेही और सक्रियता को लेकर अब किसी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। उनके बयान से आने वाले दिनों में पुलिस व्यवस्था में सख्ती और राजनीतिक बयानबाज़ी दोनों के तेज होने के आसार नजर आ रहे हैं।
No Comment! Be the first one.