महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अंतिम यात्रा, पूरे राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक

News Saga Desk

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पार्थिव शरीर को उनकी ‘अंतिम यात्रा’ के लिए फूलों से सजी एक विशेष गाड़ी में ले जाया गया। गाड़ी पर पवार की तस्वीर लगी थी और एक बोर्ड पर लिखा था—“स्वर्गीय अजितदादा पवार अमर रहें।” महाराष्ट्र के सबसे लंबे समय तक (लगातार नहीं) उपमुख्यमंत्री रहे अजित पवार की अंतिम यात्रा सुबह करीब 9 बजे विद्या प्रतिष्ठान कैंपस (गडीमा) से शुरू हुई।
यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड पर समाप्त होगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

‘अजित दादा अमर रहें’ के नारों से गूंजा मार्ग

अंतिम यात्रा के दौरान समर्थक ‘अजित दादा अमर रहें’ के नारे लगाते नजर आए। इस दौरान उनके बेटे जय पवार, भतीजे रोहित पवार सहित पवार परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर बरामद

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जानकारी दी है कि बारामती में चार्टर्ड विमान की क्रैश लैंडिंग के बाद कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (एफडीआर) बरामद कर लिए गए हैं। इन उपकरणों से दुर्घटना के कारणों की जांच में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

पूरे राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित

महाराष्ट्र सरकार ने पूरे राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। 28 जनवरी से शुरू होकर 30 जनवरी तक राजकीय शोक रहेगा। इस अवधि के दौरान उन सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां इसे नियमित रूप से फहराया जाता है। साथ ही शोक काल में पूरे राज्य में कोई भी आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

बारामती विमान हादसे में एडीआर दर्ज, जांच एएआईबी को सौंपी जाएगी

पुणे जिले के बारामती में हुए विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर ली है। पुणे ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बारामती तालुका पुलिस थाने में एडीआर दर्ज की गई है।
प्रक्रिया के तहत यह एडीआर महाराष्ट्र आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को सौंपी जाएगी, जो वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) की जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की जांच करेगा। एएआईबी नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन है और उसने इस दुर्घटना की जांच अपने हाथ में ले ली है।

Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More