राजकीय सम्मान के साथ बारामती में अजित पवार का अंतिम संस्कार

News Saga Desk

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार पंचतत्व में विलीन हो गए। गुरुवार, 29 जनवरी को बारामती के विद्या प्रतिष्ठान श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनके बेटों पार्थ और जय ने चिता को मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में समर्थक और शुभचिंतक शामिल हुए, जिन्होंने अपने प्रिय नेता को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

अंतिम संस्कार से पहले काटेवाडी से अजित पवार की अंतिम यात्रा निकाली गई। उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर श्मशान घाट लाया गया। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू होने से पूर्व उन्हें गन सैल्यूट देकर सम्मानित किया गया।

अजित पवार के अंतिम दर्शन के लिए देश-प्रदेश की कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां भी बारामती पहुंचीं। इनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल शामिल रहे। इसके अलावा एनसीपी (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष और अजित पवार के चाचा शरद पवार, बहन एवं सांसद सुप्रिया सुले, पत्नी सुनेत्रा पवार सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।

ज्ञात हो कि अजित पवार का निधन 28 जनवरी को हो गया था। वह जिस विमान से मुंबई से बारामती जा रहे थे, वह लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार समेत एक निजी स्टाफ सदस्य, दो पायलट और एक केबिन क्रू सदस्य की जान चली गई। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मंत्रालय के अनुसार विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है और जांच प्रक्रिया तेज़ी से पूरी की जाएगी।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More